बुधवार, 4 नवंबर 2026 की राजस्थान की 10 बड़ी ख़बरें, एक मिनट के वीडियो में। नीचे हर ख़बर का ब्योरा और उसका स्रोत है।
आपके ज़िले में वोट कब है, देखें: यहां देखें
1. धनतेरस से पहले चांदी कितनी सस्ती हुई?
जयपुर सर्राफा बाजार में मंगलवार, 3 नवंबर को चांदी 3,000 रुपये कम होकर 1,84,000 रुपये प्रति किलो रही, जबकि शुद्ध सोना 1,42,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर टिका रहा। इस साल की शुरुआत में चांदी करीब 4 लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड पर पहुंची थी, यानी अब भाव उससे आधे से भी कम है। धनतेरस शुक्रवार, 6 नवंबर को है। गहने खरीदते समय हॉलमार्क और 6 अंकों का HUID नंबर ज़रूर जांचें।
2. स्कूलों में आज से 12 दिन की दिवाली छुट्टी
शिक्षा विभाग के शिविरा पंचांग के अनुसार प्रदेश के स्कूलों में 4 से 15 नवंबर तक दीपावली का अवकाश रहेगा। इसमें 8 नवंबर को दीपावली, 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भाई दूज है। स्कूल 16 नवंबर को खुलेंगे और अर्धवार्षिक परीक्षाएं 25 नवंबर से होंगी।
3. वोटर आईडी नहीं तो आधार दिखाकर भी डालें सरपंच का वोट
पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार, 5 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक 3,716 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच के लिए मतपेटी से वोट डाले जाएंगे। मतदाता पहचान पत्र न हो तो आधार कार्ड, मनरेगा कार्ड, फोटो वाली बैंक या डाकघर पासबुक, आयुष्मान कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट जैसे 11 वैकल्पिक दस्तावेज़ों में से किसी एक का मूल दस्तावेज़ दिखाकर भी वोट डाला जा सकेगा। सरपंच के लिए सफेद और वार्ड पंच के लिए गुलाबी मतपत्र होगा, और मतदान के बाद पंचायत मुख्यालय पर ही मतगणना होगी।
4. तीसरे चरण में 68.39% वोट, बांसवाड़ा का नाहरपुरा सबसे आगे

पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को 27 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए शाम 6 बजे तक 68.39 प्रतिशत मतदान हुआ। अंतिम आंकड़े आने बाकी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार सबसे ज़्यादा 82.71 प्रतिशत मतदान बांसवाड़ा जिले की नाहरपुरा पंचायत समिति में और सबसे कम 49.90 प्रतिशत दौसा पंचायत समिति में हुआ।
5. पेंशनर्स 31 दिसंबर तक सत्यापन कराएं, वरना पेंशन रुक सकती है

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के सभी पेंशनर्स को वर्ष 2027 के लिए वार्षिक भौतिक सत्यापन करवाना अनिवार्य है। यह प्रक्रिया 1 नवंबर से शुरू हो चुकी है और 31 दिसंबर तक सत्यापन न कराने पर पेंशन रुक सकती है। पेंशनर्स नज़दीकी ई-मित्र केंद्र पर बायोमेट्रिक से या Rajssp मोबाइल ऐप के ज़रिए घर बैठे फेस रिकॉग्निशन से सत्यापन करवा सकते हैं।
6. 50 हज़ार तक की साइबर ठगी में अब बिना कोर्ट पैसा वापस

साइबर ठगी के 50 हज़ार रुपये से कम के मामलों में अब पैसा वापस पाने के लिए कोर्ट आदेश की ज़रूरत नहीं है। मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल के तहत शिकायत मिलने पर बैंक और जांच एजेंसी सत्यापन कर रकम सीधे पीड़ित को लौटा सकती हैं। राजस्थान में 17,147 पीड़ितों ने 10.53 करोड़ रुपये वापसी के लिए आवेदन किया था, जिनमें 11,175 पीड़ितों के 7.52 करोड़ रुपये लौटाने के आदेश जारी हो चुके हैं। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
7. चयन बोर्ड 7,840 पदों पर भर्ती लाएगा, 4,000 वीडीओ के

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड अगले दो महीनों में विभिन्न विभागों के कुल 7,840 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इनमें सबसे ज़्यादा 4,000 पद ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के हैं। इसके अलावा एनएचएम के 2,000, पीटीआई के 1,200, कर सहायक के 300, पटवारी के 200 और कोच के 140 पद हैं। बोर्ड को इन पदों की अभ्यर्थना मिल चुकी है।
8. हल्दीघाटी में बनेगी महाराणा प्रताप की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा

हल्दीघाटी में महाराणा प्रताप की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित करने और 168.39 करोड़ रुपये की लागत से महाराणा प्रताप पर्यटन सर्किट बनाने की योजना है। इसके लिए पर्यटन विभाग, राजस्थान हेरिटेज प्राधिकरण और एनबीसीसी के बीच समझौता हुआ है। सर्किट में संग्रहालय और प्रोजेक्शन शो भी शामिल है।
9. शुक्रवार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच चुने जाएंगे उपसरपंच
नवनिर्वाचित पंच और सरपंच शुक्रवार, 6 नवंबर को उपसरपंच चुनेंगे। ज़रूरत पड़ने पर मतदान दोपहर 12 से 1 बजे तक होगा और उसके तुरंत बाद नतीजा आएगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को होगी। जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख का 26, प्रधान का 27 और उपप्रधान का चुनाव 28 नवंबर को होगा।
10. नेशनल साइक्लिंग में बीकानेर के हरिप्रकाश ने जीते दो गोल्ड
रांची में चल रही 78वीं राष्ट्रीय ट्रैक साइक्लिंग प्रतियोगिता में बीकानेर के हरिप्रकाश अब तक दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीत चुके हैं। जूनियर 3 किमी व्यक्तिगत परस्यूट में उन्होंने 3 मिनट 37 सेकंड में स्वर्ण जीता। बालोतरा जिले के खोखसर पश्चिम गांव की मंजू चौधरी और पुष्पा ने भी राजस्थान की ओर से टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
फटाफट 10 ख़बरें हर सुबह राजस्थान365 के YouTube, Instagram और Facebook पर आती हैं।
कवर फ़ोटो: चांदी की सिल्ली, फ़ाइल फ़ोटो। स्रोत: Ssr / Wikimedia (CC BY-SA 3.0)







💬 टिप्पणियाँ
इस खबर पर अपनी राय साझा करें। कृपया शालीन भाषा का प्रयोग करें।
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं — पहली टिप्पणी आप कीजिए!